बिगड़े रिजल्ट के तनाव ने ली छात्र की जान, सदमे में दादी का भी निधन, शिवपुरी में दोहरी त्रासदी....
*बिगड़े रिजल्ट के तनाव ने ली छात्र की जान, सदमे में दादी का भी निधन, शिवपुरी में दोहरी त्रासदी*
।। चर्चित समाचार एजेंसी।।
।। शिवपुरी 15/05/26।।
शिवपुरी शहर के छोटा लुहारपुरा इलाके में एक ही परिवार पर 24 घंटे के भीतर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 12वीं के रिजल्ट से आहत होकर 18 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली, वहीं उसके निधन का सदमा उसकी दादी सहन नहीं कर पाईं और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, छोटा लुहारपुरा निवासी आर्यभान सिसोदिया का सीबीएसई 12वीं का परिणाम बुधवार को घोषित हुआ था। इसमें दो विषयों में सप्लीमेंट्री आने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया। इसी तनाव में आकर उसने घर की तीसरी मंजिल पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
आर्यभान की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में था, लेकिन सबसे ज्यादा आघात उसकी 75 वर्षीय दादी कमला देवी को लगा, जो उसे बेहद स्नेह करती थीं। पोते की मौत की खबर से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को उन्होंने भी अंतिम सांस ली।
इस दोहरी मौत से सिसोदिया परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिसने भी यह घटना सुनी, वह स्तब्ध रह गया।
*इस पूरी घटना पर किसने क्या कहा..*
13 मई को सीबीएसई का रिजल्ट आया जिसमें आर्यभान सिसोदिया दो विषय में फैल हो गया जिसके लगभग 2 घंटे बाद उसने तीसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
*विवेचक:-अजय शर्मा*
*देहात थाना शिवपुरी*
बहुत अच्छा लड़का था दो विषयों में सप्लीमेंट्री के बाद घरवालों ने समझाया भी था कि जो हो गया सो गया, नए सिरे से तैयारी करते हैं पर वह कोई बात दिल पर ले गया जिससे आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठा लिया, 14 मई को इस लड़के के पार्थिव शरीर को दाग लगाया ही था कि शाम के समय इसकी दादी की तबियत ज्यादा खराब हो गई उल्टी वगैरह भी होने लगी थीं जिससे उनको आनन फानन में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया पर कुछ समय बाद दादी ने भी दम तोड़ दिया। जिनको आज 15 मई को सुबह दाग लगाया गया। 17 साल के बच्चे के जाने का सदमा और गमगीन माहौल में हार्ट की दवा का मिस होना भी दादी की मौत का कारण माना जा रहा है।
*महेंद्र ओझा*
*पड़ोसी*
हमारे डिपार्टमेंट का सर्कुलर सभी स्कूलों के लिए बराबर है हम कोशिश करते हैं सभी बच्चों की समय समय पर काउंसलिंग होती रहे यह मामला आपके द्वारा मेरे संज्ञान में आया है घटना बहुत दुखद है मैं खुद पूरी जानकारी लेकर के संबंधित स्कूल पर उचित कार्रवाई जरूर करूंगा।
*विवेक श्री वास्तव*
*डीईओ शिक्षा विभाग*
एक टिप्पणी भेजें