पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में सख्ती का संदेश कहा समय सीमा में करो कार्रवाई...
जनसुनवाई में सख्ती का संदेश 100 से ज्यादा फरियादियों की सुनवाई, समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश...
।। चर्चित समाचार एजेंसी।।
।। शिवपुरी 20/05/26।।
शिवपुरी में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं। मंगलवार 19 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में उन्होंने सीधे आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पारिवारिक विवाद, जमीन-झगड़े, धोखाधड़ी और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। 100 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सामने आईं, जिन पर पुलिस अधीक्षक ने प्राथमिकता से संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने का माध्यम है। लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए हैं और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले, सीएसपी संजय चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिससे यह संकेत भी साफ है कि पूरे सिस्टम को जवाबदेह बनाने की कोशिश की जा रही है।
शिवपुरी में यह सख्ती कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए जा चुके हैं, जहां असामाजिक तत्वों, गुंडे-मवालियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। ऐसे मामलों में सीधे मैदान में उतरकर निरीक्षण करना और जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है।
अब देखना होगा कि जनसुनवाई की यह सक्रिय पहल शिवपुरी में आमजन को कितनी राहत देती है और क्या वास्तव में सिस्टम में बदलाव ला पाती है या नहीं।
एक टिप्पणी भेजें