“नशे पर वार 15 दिन का महाअभियान शुरू, समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प”...
।। मुरैना 16/07/2026।।“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ पुलिस विभाग द्वारा जोरदार तरीके से किया गया। इस जनजागरूकता अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। अभियान के तहत नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की उपस्थिति में मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसलिए स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक है।
यह अभियान 15 दिनों तक लगातार चलाया जाएगा, जिसमें गांव-गांव और शहर-शहर जागरूकता रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, कॉलोनियों और ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान में पुलिस विभाग के साथ-साथ मीडिया प्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशा छोड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई जा रही है।
अधिकारियों ने अपील की है कि सभी नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
एक टिप्पणी भेजें