एक साल बाद पीआईसी बैठक संपन्न, शहर विकास को मिली नई दिशा...
।। चर्चित समाचार एजेंसी।।
।। शिवपुरी 19/07/2026।।नगर पालिका कार्यालय में आज पीआईसी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। लगभग एक वर्ष के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस बैठक को शहर विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। बैठक में नगर पालिका के सीएमओ यशवंत राठौर, इंजीनियर एवं पीआईसी सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बताया जा रहा है कि पिछले एक साल से पीआईसी की बैठक नहीं होने के कारण आपसी सहमति नहीं बन पा रही थी, जिससे शहर के कई विकास कार्य ठप पड़े हुए थे। पूर्व सीएमओ इशांक धाकड़ का नगर पालिका शिवपुरी के पार्षदों एवं अध्यक्ष के साथ वैचारिक विवाद भी विकास कार्यों में बाधा बना। स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि आमजन "नगर पालिका" को “नरक पालिका” तक कहने लगे थे। शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो गई थीं।
ठेकेदारों को भुगतान न होने के कारण नए कार्यों में रुचि नहीं ली जा रही थी, वहीं पुराने कार्य भी लंबित पड़े थे। ऐसे में विकास की रफ्तार पूरी तरह थम सी गई थी।
इसी बीच, सीएमओ यशवंत राठौर ने पदभार संभालते ही सक्रियता दिखाई और पहले ही सप्ताह में पीआईसी की बैठक आयोजित कर यह संकेत दे दिया कि अब कार्यों को गति दी जाएगी। पूर्व सीएमओ इशांक धाकड़ के मुरैना ट्रांसफर के बाद लंबे समय से एक ऊर्जावान अधिकारी के आने की चर्चा थी। नगर पालिका में “एक सीट और दावेदार कई” की स्थिति बनी हुई थी, जहां इस पद को पाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे थे।
हालांकि अंततः यशवंत राठौर ने पदभार संभालते हुए यह साबित कर दिया कि कुर्सी किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि कार्यशैली और जिम्मेदारी से चलती है। उन्होंने पीआईसी बैठक आहूत कर यह स्पष्ट कर दिया कि अब नगर पालिका में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा और शहर के विकास को नई दिशा दी जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें