केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पिछोर को दी 14 करोड़ से अधिक विकास कार्य की सौगात.. अब स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, प्रशासनिक सुविधाओं को मिलेगी गति..
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चमरौआ एवं पिपरा में विद्युत उपकेन्द्र और बामौरकलां में उप तहसील भवन का किया लोकार्पण...
धापोरा-टेराई एवं भागारी-रामपुरा-टापरान सड़कों का किया भूमिपूजन, हजारों परिवारों को मिलेगा बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाओं का लाभ...
।। चर्चित समाचार एजेंसी।।
।। शिवपुरी/पिछोर 01/09/2026।। शिवपुरी-ओरछा प्रवास के तीसरे दिन स्थानीय सांसद एवं केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज पिछोर विधानसभा क्षेत्र को 14 करोड़ से अधिक की विकास सौगातें दीं। केन्द्रीय मंत्री ने अछरौनी में लगभग 3 करोड़ की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, चमरौआ में लगभग 2 करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र, पिपरा में 1.46 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत उपकेन्द्र तथा बामौरकलां में 1.24 करोड़ की लागत से निर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही धापोरा-टेराई मार्ग के 3.17 करोड़ तथा भागारी-रामपुरा-टापरान मार्ग के 3.30 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन विकास कार्यों से पिछोर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, बिजली, प्रशासनिक सेवाओं और सड़क कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री कई स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली मजबूती, अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण...
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अछरौनी में लगभग ₹3 करोड़ की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केन्द्र के शुरू होने से अछरौनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीण परिवारों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी और समय तथा संसाधनों की बचत होगी।
सिंधिया ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में पिछोर विधानसभा क्षेत्र में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण भी जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि पिछोर के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
चमरौआ और पिपरा में विद्युत उपकेन्द्रों से हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ....
केन्द्रीय मंत्री ने चमरौआ में लगभग ₹2 करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण किया। इस उपकेन्द्र के शुरू होने से आसपास की लगभग 20 से 25 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ और अधिक विश्वसनीय होने से ग्रामीण परिवारों के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और स्थानीय उद्योग-व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही पिपरा में 1.46 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत उपकेन्द्र का भी लोकार्पण किया गया। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लगभग 17 हजार नागरिक लाभान्वित होंगे। दोनों विद्युत उपकेन्द्रों के माध्यम से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
70 गांवों के नागरिकों को अब नजदीक मिलेगी प्रशासनिक सुविधा...
केन्द्रीय मंत्री ने बामौरकलां में 1.24 करोड़ की लागत से निर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण भी किया। इस उप तहसील के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 70 गांवों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विदित रहे कि क्षेत्रवासियों ने जनसुनवाई के दौरान उप तहसील स्थापित किए जाने की मांग रखी थी, जिसे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों से पूरा किया गया है।
अब क्षेत्र के नागरिकों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रशासनिक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध होने से लोगों के समय और संसाधनों की बचत होगी तथा शासन और आमजन के बीच संपर्क और अधिक सुगम बनेगा।
सड़कों से मजबूत होगी गांवों की कनेक्टिविटी, विकास को मिलेगी नई रफ्तार...
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने धापोरा से टेराई मार्ग के 3.17 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही भागारी से रामपुरा-टापरान मार्ग के 3.30 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
सड़कों की बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को आवागमन तथा ग्रामीण परिवारों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में सड़क नेटवर्क मजबूत होने से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ गांव-गांव तक पहुंच रहा विकास...
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। *“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास”* की भावना के साथ सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। आज स्वास्थ्य केन्द्र, विद्युत उपकेन्द्र, उप तहसील और सड़कों से जुड़े कार्यों की सौगात इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। आने वाले समय में भी पिछोर विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी और क्षेत्र प्रगति एवं समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा।
एक टिप्पणी भेजें