इंदौर में IPL सट्टा गैंग का भंडाफोड़,सात आरोपी गिरफ्तार..
शिवपुरी के युवकों द्वारा किराए के फ्लैट में चल रहा था हाईटेक सट्टा, 3 लैपटॉप और 39 मोबाइल भी जब्त..
।। चर्चित समाचार एजेंसी।।
।। इंदौर/शिवपुरी 08/05/2026।। मध्य प्रदेश के इंदौर में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IPL सट्टा संचालित करने वाले एक हाईटेक गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से 3 लैपटॉप, 39 मोबाइल और 1 लाख 40 हजार रूपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार यह अवैध सट्टा इंदौर के उषा नगर स्थित साइन एन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 में संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार सभी आरोपी शिवपुरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है।
पूछताछ में मामला कुछ इस तरह से सामने आया..
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गैंग हर IPL सीजन में इंदौर आकर किराए का फ्लैट लेकर अपना सेटअप तैयार करता था और मोबाइल एप के जरिए क्लाइंट्स को सट्टा खिलाता था। इस नेटवर्क का मुख्य संचालक दिल्ली से इसे ऑपरेट कर रहा था, जो आरोपियों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराता था। मामले में दुबई कनेक्शन की भी आशंका जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में शशांक अग्रवाल को मुख्य सरगना बताया गया है जबकि अन्य में मुकेश गुप्ता, निखिल कौशल, जतिन शर्मा, अर्पित तिवारी शुभम कौशल और प्रियांशु जैन ऐसे कुल सात लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 112(1) आईटी एक्ट की धारा 66 और मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में करीब सात लाख सत्तर हजार के लेन-देन की जानकारी सामने आई है, जिसमें से एक लाख चालीस हजार नकद जब्त किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टे के लेन-देन के लिए दर्जनों म्यूल खातों का उपयोग किया जा रहा था, जिनके जरिए करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन होने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार यह अवैध गतिविधि पिछले छह महीनों से संचालित हो रही थी। मकान मालिक द्वारा किरायेदारों की जानकारी पुलिस को न देने पर उसे भी सह-आरोपी बनाया गया है फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
शिवपुरी जिले के दो युवक सट्टे में गवां चुके हैं जान..
हाल ही में शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे के संदीप सोनी ने खुद को गोली मारकर दे दी थी जान ऐसा माना जा रहा है कि संदीप को ऑन लाइन सट्टे की लत थी जिसके वह चलते लाखों रुपए का जुआ हार गया था इसलिए उसने आत्म हत्या कर ली थी । वहीं दिनारा स्थित एक युवक जिसकी पहचान अमन भार्गव के रूप में हुई थी उसने भी आई पी एल सट्टे में तीन लाख रुपए गवां दिए थे जिससे डिप्रेशन में आकर युवक ने जहर का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
दोनों ही मामले में शहर के तार सट्टे से जुड़े होने के चलते युवकों ने अपनी जान दी जिसे सबने देखा बस नहीं देखा तो पुलिस ने क्योंकि ऑन लाइन और ऑफ लाइन दोनों ही सट्टे चल रहे हैं परंतु पुलिस के हाथ वहां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं या पहुंचना नहीं चाह रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें