टीकाकरण की राज्य स्तरीय दल ने की समीक्षा.... पोहरी के बछोरा में पहुंचा दल..
स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण, गांवों में पहुंचकर लाभार्थियों से किया संवाद...
।। चर्चित समाचार एजेंसी।।
शिवपुरी (पोहरी )।।03/08/2026।।
मीजल्स (खसरा) आउटब्रेक नियंत्रण और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश की राज्य स्तरीय टीम ने शिवपुरी जिले का दौरा कर व्यापक समीक्षा की। वरिष्ठ संयुक्त संचालक (टीकाकरण) डॉ. एल.पी. भाकोरिया के नेतृत्व में पहुंचे इस दल ने स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ-साथ गांवों में जाकर हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित किया।
राज्य स्तरीय टीम में गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र गौर और यूएनएफपीए भोपाल से अतुल पाठक शामिल रहे। टीम ने पोहरी एवं सतनवाड़ा विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
पोहरी के बछोरा में टीकाकरण सत्र के आयोजन का हुआ निरीक्षण..
पोहरी विकासखंड के ग्राम बछौरा में आयोजित विशेष टीकाकरण सत्र का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों से चर्चा की। इस दौरान खसरा-रूबेला टीकाकरण के प्रति जागरूकता, अनुभव, भ्रांतियों और चुनौतियों को समझा गया, ताकि भविष्य में टीकाकरण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इसके बाद टीम सतनवाड़ा विकासखंड के ग्राम बड़ागांव पहुंची, जहां आदिवासी बस्ती में घर-घर जाकर बच्चों के टीकाकरण और स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान कुपोषित बच्चों की पहचान होने पर संबंधित आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तत्काल उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शासकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में विद्यार्थियों से संवाद कर आयरन-फोलिक एसिड वितरण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। वहीं, उप स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में ओपीडी रजिस्टर, आशा डायरी, दवा उपलब्धता, स्वच्छता, टीकाकरण व्यवस्था, कोल्ड चेन प्रबंधन तथा यू-विन पोर्टल की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के पश्चात बीएमओ, बीपीएम, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राज्य स्तरीय दल ने जिला वैक्सीन स्टोर का भी निरीक्षण किया, जहां वैक्सीन प्रबंधन, कोल्ड चेन व्यवस्था, स्टॉक और अभिलेखों की समीक्षा कर गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने बताया कि इस प्रकार के फील्ड निरीक्षण और मूल्यांकन से न केवल आउटब्रेक के कारणों की पहचान होती है, बल्कि टीकाकरण सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित होती है।
इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया, जिला डाटा प्रबंधक सी.पी. जैन, राहुल मंगल, अमन प्रताप सिंह गौर, अमित गुप्ता सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें